
सुशांत सिंह राजपूत के पिता के. के. सिंह ने इस बात की पुष्टि की है कि उनका बेटा 2021 में शादी की प्लानिंग कर रहा था। सिंह की मानें तो सुशांत के साथ उनकी आखिरी बातचीत इसी बारे में हुई थी। 14 जून को सुशांत सिंह ने मुंबई में आत्महत्या की। वे डिप्रेशन से जूझ रहे थे। अभिनेता के पिता ने एक टीवी इंटरव्यू में उनसे जुड़ी बातें साझा की।
सुशांत ने कहा था- एक फिल्म आ रही है अभी
के. के. सिंह ने बताया कि सुशांत से उनकी शादी के बारे बात हुई थी। वे कहते हैं, "इस पर बात हुई थी। उसने बोला था कि कोरोना में तो नहीं। फिर उसके बाद एक फिल्म आ रही है, वो करेंगे। उसके बाद फरवरी-मार्च में देखते हैं कर लेंगे। यही लास्ट बात हुई थी उसके साथ मेरी।"
पिता ने दी थी पसंद की लड़की से शादी की सलाह
इस बातचीत में सिंह ने उस लड़की की पहचान उजागर नहीं की, जिससे सुशांत शादी करना चाहते थे। उन्होंने कहा, "हमने उससे कहा था कि उसे अपनी पसंद की लड़की से शादी करनी चाहिए, क्योंकि उसे अपनी पूरी जिंदगी उसके साथ बितानी है।"
सिर्फ अंकिता लोखंडे के बारे में जानते थे पिता
के. के. सिंह ने इस दौरान सुशांत की एक्स-गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे के बारे में भी बात की। उनके मुताबिक, अंकिता न केवल उनसे मिलने मुंबई पहुंची थीं, बल्कि पटना भी आई थीं।
उनके मुताबिक, सुशांत की जिंदगी में अंकिता इकलौती लड़की थीं, जिनके बारे में वे जानते थे। उन्हें रिया चक्रवर्ती के बारे में जानकारी नहीं थी। सिंह ने यह भी कहा कि वे सुशांत के अंतिम संस्कार के समय कृति सेनन से भी मिले थे, जिन्होंने उनके बेटे की खूब तारीफ की थी।
0 Comments